कभी तीखे आरोप और बयानबाजी से चर्चा में रहे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और योग गुरु बाबा रामदेव की कुंडा में हुई मुलाकात ने सबका ध्यान खींचा। बेंती राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा में पहुंचे बाबा रामदेव का बृजभूषण शरण सिंह ने अनोखे अंदाज में स्वागत किया। आमना-सामना होने पर बृजभूषण ने बाबा रामदेव के पैर छूने का प्रयास किया, लेकिन रामदेव ने उनका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद बृजभूषण ने उन्हें गोद में उठा लिया। यह नजारा देखकर राजाभैया समेत सभी लोग दंग रह गए।
प्रतापगढ़ के कुंडा जनसत्ता दल के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया के राजमहल बेंती में दिव्य रामकथा का आयोजन किया गया है। इसमें बाबा बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा सुना रहे हैं। इस समय कुंडा में देश भर के प्रमुख राजनीतिक हस्तियों, बड़े साधु-संतों और बाहुबलियों का तांता लगा हुआ है। कथा में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का आमना सामना हो गया।
इस मुलाकात की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि कुछ समय पहले बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव को ‘मिलावटखोरों का सम्राट’ और ‘नकली घी का सौदागर’ बताया था। उनके बयान पर पतंजलि की ओर से मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया गया था। इसके बाद भी बृजभूषण कई मौकों पर बाबा रामदेव और पतंजलि को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
50 करोड़ के मानहानि मुकदमे पर भी साधा था निशाना
उत्तर प्रदेश के बहराइच में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह कहा था कि वह मिलावटी और नकली सामान बनाने वालों का विरोध करते हैं। उनके खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा दायर किया गया है। उन्होंने कहा था कि वह कुर्बानी देने को भी तैयार हैं, आगे जो होगा देखा जाएगा। बृजभूषण ने यह भी कहा था कि मामला केवल पतंजलि के घी तक सीमित नहीं है।