रामपुर। मसवासी में शादी समारोह में वेटर का काम कर रहे तीन युवकों को पूड़ी बनाने से मना करना भारी पड़ गया। आरोप है कि इससे नाराज 10 से 12 लोगों ने तीनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में तीनों घायल हो गए। पीड़ितों ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे घोसीपुरा पट्टी कला स्थित चौधरी मैरिज हॉल की है। मसवासी के खुशहालपुर निवासी सत्यप्रकाश, अभिषेक और भूबरा निवासी पंकज सागर वेटर सर्विस का काम करते हैं। शनिवार को तीनों चौधरी मैरिज हॉल में आयोजित शादी समारोह में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनसे पूड़ी बनाने को कहा।
युवकों ने बताया कि पूड़ी बनाना उनके काम में शामिल नहीं है। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर 10 से 12 लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में तीनों युवक घायल हो गए। किसी तरह मौके से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई।
इसके बाद तीनों स्वार कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि वेटरों के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
