फिरोजाबाद के थाना खैरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में रविवार को खेत में मरणासन्न हालत में मिली किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ था। रविवार देर रात थाना खैरगढ़, मक्खनपुर पुलिस तथा एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सहित दो शातिर बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, पीड़िता का मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद की है।

एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि आरोपी सगे भाई हैं। इनकी पहचान ऋषि और जगत निवासीगण नगला सकटू, थाना खैरगढ़ के तौर पर हुई है। नगला रमिया से हाईवे की तरफ जाने वाले मार्ग पर देर रात इनके आने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी, जिसे तोड़ने के लिए इन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। मौके पर मौजूद खैरगढ़, मक्खनपुर, एसओजी व सर्विलांस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें दोनों के पैर में गोली लगी है।

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ऋषि ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी पीड़िता से पिछले करीब छह महीने से बातचीत थी। घटना वाली रात उसने मृतका को खेतों पर बुलाया था, जहां उसने जबरदस्ती की और विरोध करने पर डर के मारे उसका गला दबा दिया था। किशोरी के बेहोश होने पर वह उसे मौके पर ही छोड़कर भाग गया था। भाई जगत व तीसरा साथी भी उस वक्त साथ में था।

अभियुक्तों के कब्जे से बरामदगी

पुलिस ने अभियुक्त ऋषि के पास से एक तमंचा, 2 कारतूस, 2 खोखा, पीड़िता का सैमसंग कीपैड मोबाइल और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। वहीं, दूसरे आरोपी जगत के पास से 1 अवैध तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा बरामद किया है।  मुख्य आरोपी ऋषि के खिलाफ पूर्व में भी थाना खैरगढ़ में मारपीट और बलवे से जुड़े मामले दर्ज हैं, और अब नए मामलों के तहत उस पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।   



Source link

अभी अभी की खबरें