हथगाम। थाना क्षेत्र के सेमरा मानापुर के चकीवा गांव के पास रविवार को बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद आलू लदी पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में पिकअप चालक का एक हाथ कट गया, जबकि बाइक सवार एक युवक का हाथ फ्रैक्चर हो गया।

यौहान गांव निवासी पवन (25) पिकअप में आलू लादकर खागा से नइमपुर (यौहन) की ओर जा रहा था। वहीं छिवलहा से हथगाम जा रहे धाता थाना क्षेत्र के दिलदार का पुरवा निवासी बाइक सवार संतलाल और अवधेश चकीवा गांव के पास पहुंचे।

इसी दौरान पिकअप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से जा भिड़ा। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।



Source link

अभी अभी की खबरें