दिवाली पर दिल्ली, मुंबई से लखनऊ आने वालों का सिलसिला शुक्रवार से शुरू होगा। ऐसे में ट्रेनों में वेटिंग से परेशान यात्रियों ने बृहस्पतिवार को तत्काल कोटे में सीटें बुक कराने का प्रयास किया। हालांकि, महज 180 सेकंड में 498 सीटें फुल हो जाने से उनके हाथ मायूसी ही लगी।

ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीटें एक दिन पहले बुक होती हैं। शुक्रवार को दिल्ली व मुंबई की ट्रेनों में सफर करने की योजना बनाने वालों ने बृहस्पतिवार सुबह दस बजे से तत्काल कोटे की सीटें बुक कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। हालांकि, दिल्ली से आने वाली एसी एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, गोमती, कैफियात तथा मुंबई से आने वाली पुष्पक, कुशीनगर आदि ट्रेनों में तत्काल की 498 सीटें तीन मिनट में ही फुल हो गईं।

आशंका : दलालों ने कर दी सेंधमारी

मुंबई में काम करने वाले इंजीनियर अजय प्रकाश को पुष्पक एक्सप्रेस से लखनऊ आना था। उन्होंने बताया कि थर्ड एसी में तत्काल की सीटें 10 बजे से पहले खाली दिख रही थीं। हालांकि, तत्काल खुलते ही सीटें फुल हो गईं। उन्होंने आशंका जताई है कि दलालों ने प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर के जरिये तत्काल की सीटों में सेंधमारी की है।

– उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से आरक्षण केंद्रों पर दलालों को रोकने के लिए सादे कपड़ों में आरपीएफ व जीआरपी जवानों को तैनात किया गया है। बृहस्पतिवार को भी जवानों ने चारबाग, लखनऊ जंक्शन, गोमतीनगर आदि स्टेशनों पर संदिग्धों से पूछताछ की।

चारबाग स्टेशन होकर गुजरेंगी 54 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

दिवाली व छठ पूजा पर लखनऊ आने-जाने में सुविधा के लिए उत्तर रेलवे 54 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। ये सभी चारबाग स्टेशन होकर गुजरेंगी। नौ से 13 नवंबर तक मांग बढ़ने पर 10 अतिरिक्त ट्रेन भी चलाई जाएंगी। हजरतगंज स्थित डीआरएम कार्यालय में प्रेसवार्ता में डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि भीड़ नियंत्रित करने के लिए चारबाग स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाया गया है। प्लेटफॉर्मों पर 26 अस्थायी शेल्टर लगाए गए हैं। चारबाग स्टेशन पर प्रत्येक शिफ्ट में 45-45 जवानों की ड्यूटी लगेगी। चारबाग स्टेशन पर सात अतिरिक्त ट्रेनें तैयार हैं। सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता उपस्थित रहे। 



Source link