फतेहपुर। सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद जिले में खाद वितरण व्यवस्था पटरी पर लौट आई है। बृहस्पतिवार को सभी 119 सहकारी समितियों से किसानों को खाद वितरित की गई। एक दिन में कुल 243 मीट्रिक टन खाद का वितरण हुआ, जिससे रबी फसलों की बोआई के लिए परेशान किसानों को राहत मिली।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इसमें 78 मीट्रिक टन यूरिया और 165 मीट्रिक टन फास्फेटिक खाद बांटी गई। पहले हड़ताल के कारण खाद वितरण प्रभावित था, तब प्रशासन ने केवल 29 समितियों को सक्रिय रखा था। इससे किसानों को खाद लेने के लिए दूर जाना पड़ता था। एआर कोऑपरेटिव राजेश कुमार कटियार ने बताया कि हड़ताल खत्म होने से अब सभी समितियों पर खाद वितरण शुरू हो गया है।

