जनगणना–2027 के तहत बृहस्पतिवार से शुरू हुई स्व-गणना प्रक्रिया के पहले दिन प्रदेश में 98832 लोगों ने स्व-गणना फॉर्म भरा। इसमें सबसे ज्यादा फॉर्म सोनभद्र से भरे गए। औरैया दूसरे स्थान पर रहा, जबकि राजधानी लखनऊ के लोग तीसरे स्थान पर रहे।
लखनऊ में पहले दिन कुल 3865 लोगों ने स्व-गणना प्रक्रिया शुरू की, जिनमें से 3296 ने ऑनलाइन फॉर्म पूरा भी कर लिया। जिले का पूर्णता प्रतिशत 85.28 फीसदी रहा। प्रदेश में सबसे आगे रहे सोनभद्र में 17961 लोगों ने स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू की और 17213 लोगों ने फॉर्म पूरा किया। वहां प्रतिशत 95.84 फीसदी रहा। दूसरे स्थान पर रहे औरैया में 91.68 फीसदी लोगों ने प्रक्रिया पूरी की।
मैनपुरी ने 3729, खीरी 2712, आजमगढ़ में 2637 और बरेली में 2585 लोगों फॉर्म भरे। इसके अलावा कानपुर नगर, प्रयागराज, गाजियाबाद और वाराणसी जैसे बड़े जिलों में भी पहले दिन हजारों लोगों ने पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराई। संत कबीरनगर में सबसे कम 161 लोग ही स्व-गणना फॉर्म भर सके।
