फतेहपुर के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में वाहन रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर अवैध वसूली के मामले में परिवहन विभाग के एआरटीओ समेत दो कर्मियों को निलंबित किया गया है। तीन सितंबर को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और अपर पुलिस अधीक्षक की संयुक्त टीम ने कार्यालय में अचानक छापा मारा था। जांच के दौरान चार संदिग्ध लोग पकड़े गए थे। उनके पास से 35,240 रुपये नकद बरामद हुए थे।
जांच में सामने आया था कि ये लोग कार्यालय आने वाले आवेदकों से वाहन का पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर पैसे वसूल रहे थे। इसके बाद मामले की जांच कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई। जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर परिवहन मंत्री ने एआरटीओ (प्रशासन) रंजीत सिंह और लिपिक शुभम सिंह को निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
