Wife Dies Six Months After Marriage Parents and Sister Turn Hostile in Court Husband Acquitted

court new
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जिस बेटी की मौत पर मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, अदालत की दहलीज पर पहुंचते ही उनकी जुबान बदल गई। शादी के छह महीने बाद ससुराल में फंदे से लटकी मिली विवाहिता के माता-पिता और बहन अपने पूर्व के बयानों से मुकर गए। गवाहों के पक्षद्रोही होने और साक्ष्यों के अभाव में अपर सत्र न्यायाधीश (न्यायालय संख्या-11) राजमंगल सिंह यादव ने आरोपी पति को दोषमुक्त कर दिया। साथ ही, झूठी गवाही देने पर वादी पिता के खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज करने के आदेश दिए हैं।


थाना जैतपुर में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, फतेहाबाद क्षेत्र के गांव नयापुरा खंडेर निवासी सुल्तान सिंह ने अपनी बेटी कमलेश की शादी 2 मई, 2022 को जैतपुर के गांव नयेपुरा निवासी ममतेश उर्फ अवधेश के साथ की थी। शादी के छह महीने बाद ही 4 नवंबर, 2022 को कमलेश का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। तब पिता ने पति पर अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत में बयान देते हुए पिता सुल्तान सिंह अपने ही आरोपों से पलट गए और कहा कि ससुराल वाले दिए गए दहेज से पूरी तरह संतुष्ट थे। मां कुसुमा और बहन मिथिलेश ने भी दहेज उत्पीड़न के आरोपों का समर्थन नहीं किया। अदालत ने पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक की गवाही पर भी गौर किया, जिन्होंने स्पष्ट किया कि कमलेश की मौत फांसी लगने से दम घुटने के कारण हुई थी और शरीर पर फंदे के अलावा कोई अन्य चोट नहीं थी। जिरह में डॉक्टर ने यह भी माना कि ऐसे निशान आत्महत्या की स्थिति में भी आ सकते हैं।

सभी तथ्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष दहेज की मांग और प्रताड़ना का मकसद साबित करने में विफल रहा है। लिहाजा, आरोपी पति को बरी करते हुए अदालत ने न्यायिक प्रक्रिया को गुमराह करने के आरोप में वादी पिता के खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज करने का आदेश दिया है।

 



Source link