Register your family details on the portal yourself by November 30.

फोटो 03: स्व-गणना के संबंध में हुई बैठक में शामिल अ​धिकारी और कर्मचारी। स्रोत-विभाग

इटावा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर बुधवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में सीडीओ संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें स्व-गणना की प्रक्रिया और आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए मतदान कार्मिकों का डाटाबेस तैयार करने के साथ प्रपत्र-1 की प्रगति की समीक्षा की गई।


सीडीओ ने बताया कि जिले में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना अभियान चलाया जा रहा है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। स्व-गणना के बाद मिलने वाली एसई आईडी सुरक्षित रखें और प्रगणक के घर पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, ताकि दर्ज जानकारी का सत्यापन हो सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एक घर में रहने वाले सभी व्यक्तियों की गणना होगी। इसमें रक्त संबंधियों के अलावा एक ही रसोई साझा करने वाले लोग भी शामिल होंगे। इस बार जनगणना में जाति संबंधी जानकारी भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जुटाई जाएगी। सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने कर्मचारियों की स्व-गणना अनिवार्य रूप से कराने और नागरिकों से सही व पूरी जानकारी दर्ज करने की बात कही।

वहीं, विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का डाटाबेस तैयार करने को सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को कर्मचारियों का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में देने के निर्देश दिए। कोई कर्मचारी छूटने न पाए और प्रपत्र-1 त्रुटिरहित भरकर समयसीमा में उपलब्ध कराया जाए। बैठक में डीडीओ राकेश प्रसाद, डीआईओएस अतुल सिंह, जिला जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा, स्टेट मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा रहे।



Source link