विधानमंडल सत्र को लेकर भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन की रणनीति के साथ ही सपा समेत विपक्ष को घेरने की रणनीति पर भी विधायकों से खुलकर बात की। उन्होंने भाजपा और सहयोगी दलों के मंत्रियों को जहां पूरी तैयारी से सदन में कम शब्दों में सटीक जवाब देने की तैयारी के साथ सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए। सीएम ने खास तौर से जेन-जी और जेन-अल्फा को सपा सरकार में युवाओं के खिलाफ किए गए करतूतों की जानकारी देने के लिए युवाओं के निरंतर संवाद करने को कहा।
लोकभवन में हुई बैठक में सीएम ने कहा कि 18 से 25 वर्ष के युवा जो नए वोटर बने हैं, वे 2017 से पहले की सपा सरकार की करतूतों को नहीं जानते हैं। उस समय वो अपने मां-बाप के संरक्षण में पल रहे होंगे। इसलिए सभी विधायक इस आयु वर्ग (जेन-जी) के युवाओं से नियमित संवाद करें, सोशल मीडिया के जरिये सपा सरकार में हुए कारनामों की उन्हें जानकारी दें। सपा के कार्यकाल में किस तरह से माफिया राज डंका बजता था उसके बारे में बताएं। सपा राज में अपहरण, बलात्कार छेड़खानी आम बात थी। लड़कियों का स्कूल जाना दुश्वार था। भाजपा सरकार ने इसे समाप्त कर दिया। जिन युवाओं ने सपा सरकार के इस माहौल को नहीं देखा है उनके साथ हमें संवाद स्थापित करने के लिए यूनिवर्सिटी, कॉलेज, स्कूलों तक जाना होगा। ब्लॉक स्तर तक काम करना होगा।
