आगरा के पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रेहा के गांव बड़ापुरा में श्मशान घाट तक रास्ता नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को गांव निवासी विद्यावती पत्नी नत्थी सिंह (80) का निधन हो गया। अंतिम संस्कार के लिए परिजन और ग्रामीणों को कीचड़ और दलदल से भरे रास्ते से अर्थी लेकर श्मशान घाट तक जाना पड़ा। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव से श्मशान घाट तक पक्का रास्ता नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। रास्ते में पानी भरने से आवागमन तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक रास्ते के निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। पर, समस्या का समाधान नहीं हुआ।

परेशान ग्रामीण रामौतार तोमर, बल्ला तोमर, प्रेम कुमार तोमर आदि ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए बाह के उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गांव पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से समस्या की जानकारी ली और जल्द रास्ता बनवाने का आश्वासन दिया। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *