
By: Inextlive | Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 19:57:41 (IST)
गोरखपुर: नए साल की शुरुआत में होने वाले गोरखपुर महोत्सव की तैयारी ने रफ्तार पकड़ ली है। 11 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए महोत्सव समिति ने कार्य शुरू कर दिया है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। वहीं, महोत्सव के प्रमुख आकर्षण बालीवुड नाइट और भोजपुरी नाइट को लेकर कलाकारों के चयन की चर्चा भी शुरू हो गई है। संभावित कलाकारों की सूची तैयार की जा रही है, ताकि समय रहते कलाकारों की चयन प्रक्रिया पूरी की जा सके। चयनित कलाकारों से आमंत्रित करने कोई बाधा न आए।
स्थानीय कलाकारों को महत्व
इस बार महोत्सव में मनोरंजन के साथ स्थानीय कला और प्रतिभाओं को विशेष महत्व देने की योजना है। आयोजन में स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत बड़े मंचों पर प्रस्तुति देने के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को शामिल करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उद्देश्य है कि महोत्सव केवल बड़े कलाकारों की प्रस्तुतियों तक सीमित न रहे, बल्कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिले।
कलाकार के नामों पर मंथन
महोत्सव की तीनों प्रमुख संध्याओं को लेकर दर्शकों की विशेष उत्सुकता रहती है। बालीवुड नाइट और भोजपुरी नाइट में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के चयन को लेकर आयोजन समिति की ओर से संभावित नामों पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए कलाकारों की सूची तैयार की जा रही है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यक्रमों की रूपरेखा स्पष्ट होगी। आयोजकों की कोशिश है कि दोनों संध्याओं में नई पीढ़ी की रुचि के अनुरूप लोकप्रिय कलाकारों को मंच पर उतारा जाए।
शिल्प मेला होगा आकर्षण
हर वर्ष महोत्सव समिति का जोर सात दिन चलने वाले शिल्प मेले को आकर्षक बनाने पर होता है। मेले के लिए देशभर के शिल्पकारों को उनके उत्पादों के साथ आमंत्रित किया जाता है। यह प्रक्रिया इस बार भी अपनाई जाएगी। उत्तर से दक्षिण तक और पूरब से पश्चिम तक के शिल्पकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसे लेकर शिल्पकारों की सूची बनाई जा रही है। इसके लिए पिछले वर्ष की सूची से भी मदद ली जा रही है। महोत्सव समिति की पूरी कोशिश है कि शिल्प के स्टालों का दायरा बीते वर्षों से बड़ा व आकर्षक हो।
