आगरा में सावन के तीसरे सोमवार को कैलाश महादेव मंदिर पर लगने वाले मेले के मौके पर अकबर का मकबरा, सिकंदरा में प्रवेश निशुल्क रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इसकी सूचना जारी की है। एएसआई की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिता कुमार ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को होने वाले कैलाश मेले के लिए यह व्यवस्था की गई है। सोमवार को टिकट काउंटर बंद रहेंगे। इसके बाद चौथे सोमवार को भी निशुल्क प्रवेश मिलेगा। सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को अकबर के मकबरे में निशुल्क प्रवेश की परंपरा पुरानी है।
वहीं कैलाश मंदिर मेला को देखते हुए आगरा पुलिस ने आंतरिक रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। रविवार शाम 4 बजे से लेकर सोमवार कार्यक्रम समाप्ति तक गैर जनपदों से आने वाले भारी वाहनों के लिए रूट दिल्ली से आगरा आने वाले भारी वाहन रिफाइनरी टाउनशिप चौराहे से डायवर्ट होकर गोकुल बैराज होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे से जाएंगे। हाथरस से आने वाले ट्रक सिकंदराराऊ या सादाबाद होते हुए मथुरा की ओर भेजे जाएंगे।
एनएच-19 पर रैपुरा जाट से कुबेरपुर कट के बीच भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले सभी भारी वाहन कुबेरपुर से यमुना एक्सप्रेस-वे लेंगे। मथुरा से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन रैपुरा जाट-दक्षिणी बाईपास-रोहता नहर-दिगनेर से इनर रिंग रोड होकर जाएंगे। ग्वालियर, जयपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से इनर रिंग रोड, दिगनेर पुलिया, रोहता नहर और शमशाबाद-इरादनगर होते हुए निकाले जाएंगे। हाथरस, जलेसर, एटा की ओर जाने वाले वाहन खंदौली-मुड़ी चौराहा-एत्मादपुर होकर एनएच-19 पकड़ेंगे।
शहर के अंदर का डायवर्जन सिकंदरा मंडी के ऊपर एनएच-19 से सिकंदरा चौराहा की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा। सभी वाहन सर्विस रोड-मंडी अंडरपास-शास्त्रीपुरम पुल से निकलेंगे। कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक और सिकंदरा मंडी के नीचे सर्विस रोड पर भी आवागमन बंद रहेगा।
