एत्मादपुर (आगरा)। विधानसभा चुनाव के लिए हाथी की ताकत की रविवार को एत्मादपुर में जोर आजमाइश होगी। बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सम्मेलन में राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद चुनावी शंखनाद की बागडोर संभालेंगे।
एत्मादपुर के मॉडल स्कूल मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। तैयारियों और रणनीति को लेकर शनिवार को बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी सूरज सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन एत्मादपुर ही नहीं, बल्कि पूरे आगरा मंडल के लिए है। आकाश आनंद के विचारों को सुनने के लिए हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में बसपा सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित कर सकती है।
सम्मेलन स्थल पर शनिवार को बसपा नेता सर्वेश बघेल, पूर्व एमएलसी प्रताप सिंह बघेल, कोऑर्डिनेटर विमल वर्मा, जिलाध्यक्ष मनीष कमल, हेमेंद्र कुमार, रतन दीप सिंह आदि ने बैठक की। पूर्व एमएलसी ने बताया कि सम्मेलन में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो जिम्मेदारी संभालेंगी। वहीं हाईवे व बरहन रोड पर पार्किंग बनाई गई है।

