फतेहपुर। लूट के बाद दोस्त की हत्या के मामले में कोर्ट ने सगे भाई समेत तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है। इनमें दो को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं एक दोषी कोर्ट में पेश नहीं हुआ।
चौथा आरोपी रिश्तेदार मुकदमे के बाद से पुलिस की गिरफ्त से दूर है। शनिवार को दो दोषियों को जेल भेज दिया गया। तीसरे दोषी को 23 नवंबर को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया गया है।
अपर सत्र न्यायाधीश/एफटीसी-2 के न्यायाधीश अजय सिंह प्रथम ने फैसला सुनाते हुए दो दोषियों को आजीवन कारावास और 70-70 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है। कौशाम्बी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के अमीना गोराजू निवासी राकेश कुमार के मुताबिक, 12 सितंबर 2014 को उसका भाई भैरव प्रताप घरवालों के सामने गांव के सोहनलाल के साथ धाता थाना क्षेत्र के कबरहा निवासी छोटू के घर जाने के लिए निकला था।
14 सितंबर को भैरव के मोबाइल नंबर से सोहन ने फोन कर बताया कि भैरव की तबीयत खराब है और वह भाई राकेश के साथ खागा के बैरागी का पुरवा स्थित ससुर नत्थूलाल के घर आया है। परिजन वहां पहुंचे तो सोहनलाल, राकेश और नत्थूलाल भागने की तैयारी में थे। भैरव की बीमारी के बारे में पूछने पर तीनों चकमा देकर भाग निकले।
परिजन ने नत्थूलाल के घर के बरामदे में भैरव का शव पड़ा देखा। घर से निकलते समय भैरव के पास 10 हजार रुपये और सोने की मोहर की माला गायब मिली। आरोप था कि चारों ने लूट के इरादे से जहर खिलाकर भैरव की हत्या की थी।
मुकदमे के बाद से नत्थू पुलिस की गिरफ्त से दूर है। मामले में ग्रामीण के भाई वादी की गवाही अहम रही। कोर्ट में सोहनलाल और छोटू पेश हुए। इन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। वहीं कोर्ट ने हत्या और लूट के मामले में दोनों के साथ राकेश को भी दोषी करार सजा सुनाई है।

फोटो-38- फतेहपुर:- कोर्ट में सजा के बाद निकलता दोषी साथ में पुलिस। स्रोत

