फतेहाबाद (आगरा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की सुबह फतेहाबाद क्षेत्र में सवारियों से भरी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में चालक, कंडक्टर समेत 17 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची फतेहाबाद थाना पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया। हादसे की वजह चालक को झपकी आना माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक चालक रविंद्र सिंह निवासी कानपुर देहात शिवगंगा ट्रैवेल्स की स्लीपर बस में बलिया से करीब 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 4:30 आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 34.200 पर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से चालक साइड से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज होने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में चालक रविंद्र सिंह, कंडक्टर अमित निवासी गगनी थाना परौल जिला शाहजहांपुर, सूरज कनौजिया निवासी फरीदपुर (मऊ), सुप्रिया पत्नी सत्येंद्र निवासी बेबलपुर, बलिया, विश्वकर्मा निवासी जयसिंहपुर (मऊ) और उसकी सरिता, कृष्णा कुमार निवासी आंबेडकर नगर, अर्जुन निवासी आंबेडकर नगर, सुरेंद्र कुमार निवासी आंबेडकर नगर, धनराज निवासी मऊ, जितेंद्र पाल निवासी मऊ, सुरजीत सिंह निवासी बलिया, प्रवेश निवासी सरिया थाना अतरौलिया, आजमगढ़, बबलू निवासी आंबेडकर नगर, सत्येंद्र गुप्ता निवासी बलिया, कृष्णा निवासी आंबेडकर नगर और अर्जुन निवासी आंबेडकर नगर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया गया। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त स्लीपर बस को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए भेज दिया गया है।
