बटेश्वर। प्रसिद्ध तीर्थ धाम में सावन मास के पवित्र पर्व पर आयोजित 23 दिवसीय 27 वें वार्षिक धार्मिक आयोजन के तहत धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है। बृहस्पतिवार को ब्रह्मलाल महादेव मंदिर में बाहर से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिव आराधना की।
कार्यक्रम में आचार्य सूर्यकांत गोस्वामी एवं मंदिर के मुख्य पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी के सानिध्य में बनारस से पधारे विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से विशेष रुद्राभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में कालसर्प दोष, पितृ दोष, संतान प्राप्ति, ग्रह-कलेश मुक्ति, शारीरिक कष्ट निवारण और व्यापार वृद्धि के लिए महामृत्युंजय जाप का विशेष पूजन कराया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि सावन मास में ब्रह्मलाल महादेव का यह विशेष अनुष्ठान कराने से भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है। भक्तों के सभी रुके हुए कार्य एवं मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
