अलीगढ़ महानगर के आउट स्कर्ट वाले रोरावर के जलालपुर क्षेत्र की श्रीरामपुरम फेस-2 कालोनी में नकाबपोश बदमाशों ने एक विद्युतकर्मी के घर शुक्रवार को दिनदहाड़े लाखों के जेवरात-नकदी की लूट को अंजाम दे डाला।
विद्युतकर्मी के ड्यूटी जाने के बाद घर में घुसे बदमाशों ने पत्नी व बेटियों को बेहोश कर बंधक बनाकर एक घंटे तक लूटपाट की। साथ में छोटी बेटी की जान लेने की धमकी देकर डराया धमकाया गया। लूटपाट के बाद बदमाश परिजनों को बंधक ही छोड़कर बाहर से ताला लगाकर भाग गए। इस लूट में करीब 45 लाख के जेवरात जाने का आरोप है। दोपहर की घटना में शाम को मिली सूचना पर दौड़ी पुलिस ने बदमाशों की तलाश व जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी भी दर्ज की जा रही है।
परिजनों द्वारा बताए गए घटनाक्रम के अनुसार कालोनी में रहने वाले संजीव शर्मा एलमपुर बिजली घर पर बाबू के पद पर कार्यरत हैं। घर में पत्नी नीलम, 14 वर्ष की बेटी राधिका व साढ़े चार वर्ष की बेटी आशी संग रहते हैं। शुक्रवार सुबह 9:50 बजे वह रोजाना की तरह वे ड्यूटी चले गए। इस दौरान मुख्य दरवाजा खुला रह गया था। इसी बीच पत्नी बाथरूम में नहा रही थीं। करीब 10:30 बजे जब वे नहाकर बाहर निकलीं तो उन्हें बैठक वाले कमरे में कुछ आवाजें आईं।
इस पर उन्होंने समझा कि कुत्ता शायद दरवाजा खुला देख कमरे में घुस गया। जब वे बैठक में पहुंचीं तो दो नकाबपोश हाथ में चाकू लिए खड़े थे। नीलम को देखते ही दोनों बदमाशेां ने उसे काबू कर लिया और मुंह पर रुमाल डालकर बेहोश करते हुए साथ लाए बड़े टेप से दोनों हाथ बांधते हुए मुंह बंद कर दिया। इसके बाद खींचकर अंदर ले गए। जहां छोटी बेटी को चाकू से मारने की धमकी देकर बड़ी बेटी से अलमीरा की चाभियां मांगीं।
बड़ी बेटी ने चाभी पापा के पास होने की बात कही। मगर बदमाश नहीं माने और दोनों बेटियों के भी हाथ उसी तरह टेप से बांध कर मुंह बंद कर दिया। साथ में तीनों के चेहरे गमछे व शर्ट आदि कपड़ों से ढक दिए। इसके बाद अलमीरा को तोड़फोड़कर खोला और उसमें रखे करीब 40 हजार रुपये नकद के अलावा कई लाख रुपये कीमत के जेवरात कब्जे में ले लिए। इसके बाद फिर से तीनों को रुमाल सुंघाकर बेहोश किया और महिला को बाथरूम में व दोनों बेटियों को कमरे में ही अंदर बंद किया। करीब 11:45 बजे जाते समय दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर चले गए।
