बलिया। भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले में बृहस्पतिवार को मीना बाजार में खरीदारों की बढ़ती भीड़ से मेले की रौनक लौटने लगी है।
रोज करीब दो हजार से ज्यादा लोग पहुंच रहे हैं। हालांकि एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के इंतजार में झूले-चरखी बंद रहे। कारीगर पूरे दिन झूलों के नट-बोल्ट कसते नजर आए। इससे झूला झूलने पहुंचे लोगों को मायूस होना पड़ा। हालांकि, देर शाम प्रशासन से संचालन की अनुमति मिलने के बाद मनोरंजन के साधनों के शुरू होने का रास्ता साफ हुआ।
सुबह से शाम तक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने मेले में पहुंचकर खरीदारी की और खानपान का आनंद लिया। शाम को शहर के लोग भी परिवार के साथ मेले में पहुंचे। लोगों ने चाट, चाउमीन, बर्गर, डोसा और जलेबी का स्वाद लिया। वहीं, महिलाओं ने गर्म कपड़ों के साथ शादी-विवाह के साजो-सामान की खरीदारी की।
मीना बाजार में कंबल, गर्म कपड़े, हर तरह के घरेलू सामान, कालीन, खादी आश्रम और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों के साथ खानपान के स्टॉल भी सजकर तैयार हो चुके हैं।
दुकानदारों को रविवार को भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। उनका कहना है कि वे ग्राहकों की अधिक संख्या का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।झूला संचालक आशीष साहू ने बताया कि एनओसी की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण तीन दिनों से झूले समेत मनोरंजन के अन्य साधनों का संचालन बंद था। विद्युत, लोक निर्माण, अग्निशमन, पुलिस और मनोरंजन विभाग से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर जमा की गई थी। इसके बाद बृहस्पतिवार की देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा की ओर से संचालन की अनुमति दी गई।
सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि मेले में धीरे-धीरे भीड़ बढ़ने लगी है। रोज करीब दो से ढाई हजार लोग मेले में पहुंच रहे हैं।
