यूपी के बाराबंकी में रविवार रात एक डीसीएम खड़ी बस से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई। हादसा लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सफदरगंज थाना क्षेत्र के रसौली के पास हुआ।
बताया गया कि रविवार रात करीब 12 बजे बस अचानक खराब हो गई। चालक अमित कुमार (35) तकनीकी खामी पता करने के लिए बस के नीचे गए थे। इसी बीच फैजाबाद की ओर से पानी की बोतल लेकर आ रही डीसीएम, बस से टकरा गई। हादसे में चालक अमित कुमार की मौत हो गई। परिचालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बस यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सफदरगंज पुलिस ने हाईवे पर यातायात सुचारू कराते हुए घायलों को जिला अस्पताल भेजा। कोतवाली प्रभारी अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटा दिया गया है। हादसे में डीसीएम चालक भी घायल हुए हैं।
