बरेली। फरीदपुर स्थित मानस स्थली आवासीय विद्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को मुकाबलों का रोमांच देखने को मिला। सुबह के सत्र में आगरा, यूपीपी (उत्तर प्रदेश पुलिस), वाराणसी और लखनऊ की टीमों ने जीत दर्ज की। वहीं, ट्रिपल टैक एकेडमी, सोनभद्र और गौतम बुद्ध नगर की टीमों ने भी अपने मुकाबले जीते। दिन के कई मैचों में टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही। वाराणसी ने हाथरस को महज दो अंक, जबकि सोनभद्र ने शामली को एक अंक से हराया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने गौतम बुद्ध नगर और वाराणसी के बीच खेले गए मुकाबले में बास्केट कर किया। इस दौरान एएसपी शिवम आशुतोष और फ्यूचर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर मुकेश गुप्ता मौजूद रहे।
शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में आगरा ने सोनभद्र को 57-43 से हराया। यूपीपी की टीम ने आजमगढ़ के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया और 66-28 के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। हाथरस और वाराणसी के बीच हुए मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आखिरी समय तक संघर्ष किया। इसमें वाराणसी ने 66-64 से जीत दर्ज की। वहीं, लखनऊ ने अलीगढ़ को 76-58 से हराकर अपनी बढ़त साबित की।
इनके अलावा बागपत और ट्रिपल टैक एकेडमी के बीच हुए मुकाबले में ट्रिपल टैक एकेडमी ने 71-58 से जीत हासिल की। शामली और सोनभद्र के बीच भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इसमें खिलाड़ियों के दमदार डिफेंस और काउंटर अटैक की मदद से सोनभद्र ने 57-56 के बेहद करीबी अंतर से शामली को शिकस्त दी। गौतम बुद्ध नगर ने वाराणसी के खिलाफ 88-69 से जीत दर्ज की। इनके अलावा एक अन्य मुकाबले में लखनऊ ने बागपत को 71-55 से पराजित किया। बरेली बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव सोनू श्रोतिया ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश की विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता और रणनीति का प्रदर्शन कर रहे हैं।