आगरा। प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ हुए आंदोलन के बाद अब दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम शुक्रवार से संबंधित जोन में विशेष कैंप का आयोजन करने जा रहा है। यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार के निर्देश के बाद दक्षिणांचल ने इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली है। इन कैंपों में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटरों को अब पूर्व की तरह पोस्टपेड मोड में परिवर्तित करने के लिए उपभोक्ताओं से संवाद किया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं के बिलों में होने वाले संशोधनों और मीटर से जुड़ी अन्य शिकायतों का तुरंत और प्रभावी समाधान भी किया जाएगा।
इस पूरे अभियान की निगरानी के लिए अधीक्षण अभियंता (वितरण/वाणिज्य) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कैंप में आने वाली हर एक उपभोक्ता शिकायत को अनिवार्य रूप से 1912 हेल्पडेस्क पर पंजीकृत किया जाएगा और समस्या हल होने के बाद ही उसे क्लोज किया जाएगा। इसके लिए सभी कैंप स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर और लैपटॉप की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिलों का संशोधन बिल रिवीजन इंफॉर्मेशन मेमो (बीआरआईएफ) के माध्यम से आरएमएस सॉफ्टवेयर के जरिये किया जाएगा, जिसकी कॉपी उपभोक्ता को भी मिलेगी। इसके अलावा इन विशेष शिविरों में उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने, उन्हें यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड कराकर उसके इस्तेमाल के बारे में जागरूक करने और उपभोक्ताओं के बैठने व पीने के पानी के भी उचित इंतजाम किए जाएंगे। दक्षिणांचल की एमडी श्रुति ने बताया कि निदेशकों को अपने वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत विचार-विमर्श कर स्मार्ट मीटर विशेष काउंटर/कैंप को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। कैंपों में प्राप्त होने वाली शिकायतों के सही निस्तारण के लिए मजबूत मॉनिटरिंग की व्यवस्था बनाई गई है और हर दिन प्रगति की समीक्षा की जाएगी। कहा कि इन कैंपों में वरिष्ठ अधिकारियों को भी औचक निरीक्षण करने के लिए कहा गया है।
