अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रावण दहन एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए शनिवार को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। भारी वाहनों का प्रवेश 24 घंटे के लिए प्रतिबंधित रहेगा। दोपहर तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच भी भारी वाहनों को एंट्री नहीं दी जाएगी। रात में खुलने वाली नो एंट्री भी निरस्त रहेगी।
सीओ ट्रैफिक आलोक अग्रहरि के मुताबिक, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए विसर्जन मार्ग में ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। विसर्जन गेट स्थल लक्ष्मी गेट बाहर, पहूज एवं सिमराधा पर भी ट्रैफिक पुलिस रहेगी। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 20 दरोगा, 15 सिपाही समेत 9 हेड कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। विसर्जन स्थल पर वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी बनाया गया है। कई मार्गों का रूट भी डायवर्ट किया गया है। अधिक व्यस्त मार्ग एवं जुलूस के रास्तों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
इनसेट
इन रास्तों पर प्रतिबंधित रहेगा ट्रैफिक
खंडेराव गेट तिराहा से कोतवाली की ओर कोतवाली ढ़ाल से गंदीघर का टपरा की ओर
महिला अस्पताल तिराहा से सिन्धी तिराहा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे
सिन्धी तिराहा एवं पीएनबी मोड़ से मानिक चौक से वाहन नहीं जाएंगे
मिनर्वा चौराहा से कोतवाली की तरफ कोई भी वाहन नहीं जा सकेंगे
लक्ष्मी गेट बाहर से लक्ष्मी ताल तथा बड़ा बाजार तक कोई भी वाहन नहीं जा सकेंगे
किसान बाजार से लक्ष्मी गेट की तरफ जाने वाले वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे
दतिया गेट बाहर से नरिया बाजार तक वाहन नहीं जा सकेंगे
इनसेट
इन जगहों पर होगी वाहनों की पार्किंग
– मिनर्वा की तरफ से आने वाले सभी वाहन मिनर्वा चौराहा पर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में पार्क करेंगे
इलाइट जीवनशाह से आने वाले वाहन झलकारी बाई तिराहा से किले की ओर नहीं जा सकेंगे। सभी वाहन एसपीआई इंटर कालेज में पार्क होंगे।
– झरना गेट से आने वाले वाहन क्राफ्ट मेला मैदान नहीं जाएंगे।
-पुरानी तहसील से किला की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
– सदर बाजार में भजन लाल तिराहा से नारायण चाट भंडार नहीं जा सकेगें
बाटा चौराहा से वाहन एसबीआई तिराहा से आगे पार्क होंगे
इनसेट
ड्रोन से पुलिस रखेगी निगरानी, विसर्जन यात्रा में मौजूद रहेंगे पुलिसकर्मी
विजय दशमी एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को 550 पुलिसकर्मी तैनाती किए जाएंगे। यह पुलिसकर्मी पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात होंगे। विसर्जन यात्रा की निगरानी ड्रोन से भी रखी जाएगी। सभी प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे समेत गलियों में लगे कैमरों की नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम से निगरानी रहेगी। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक पुलिस फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
