कस्बा लखना के सैय्यदनगर मुहाल में सोमवार रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में मकान मालिक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। सैय्यदनगर मुहाल निवासी राम आसरे (55) अपनी पत्नी बिमलेश देवी के साथ रहते थे। सोमवार रात करीब 8:30 बजे कमरे में लगे बिजली के केबल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया।
इससे केबल के पास रखे पर्दे में आग लग गई। कमरे से धुआं निकलता देख राम आसरे आग बुझाने के लिए अंदर पहुंचे। इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से गंभीर रूप से घायल होकर कमरे में गिर पड़े। उस समय उनकी पत्नी बिमलेश देवी घर के दरवाजे पर बैठी थीं। अंदर से चीख-पुकार सुनकर वह कमरे की ओर दौड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बिजली की आपूर्ति बंद कराई और घायल राम आसरे को उपचार के लिए 50 शैया अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. रविंद्र शाहू ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।इधर, कमरे में लगी आग तेजी से फैलती गई।
आग की चपेट में घर में रखा राशन, कपड़े, चारपाई, बक्से और अन्य घरेलू सामान आ गया। कुछ ही देर में पूरा सामान जलकर राख हो गया। कमरे में धुआं और गर्मी अधिक होने के कारण आग बुझाने में लोगों को काफी परेशानी हुई। सूचना मिलने पर चकरनगर से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष विपिन मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लखना लेखपाल राहुल चौबे ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन किया। पति की मौत से बिमलेश देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि हादसे के समय कस्बे में तेज बारिश हो रही थी।
