होमगार्ड परीक्षा देने जाने से पहले पत्नी को उसके मायके छोड़ने जा रहे युवक की बाइक को रविवार रात भरथना-इटावा हाईवे पर सामने से कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों वाहन भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लिया है। भाग निकले कार सवारों का पुलिस पता लगा रही है।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम खितौरा निवासी दीपक यादव (27) गुरुग्राम में एक पानी के प्लांट में नौकरी करते थे। होमगार्ड भर्ती के लिए उन्होंने आवेदन किया था। सोमवार को उनका पेपर आगरा में था। परीक्षा देने के लिए वह छुट्टी पर घर आए थे। रविवार रात पत्नी अनामिका (23) को लेकर वह शहर के चौगुर्जी स्थित उनके मायके छोड़ने के लिए जा रहे थे।
वहां से सोमवार सुबह आगरा निकलने की योजना थी। इटावा जाते समय रास्ते में भरथना सड़क पर पिलहा मंदिर के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।