लवेदी। चकबंदी प्रक्रिया में चल रहे सात गांवों में फार्मर रजिस्ट्री का काम शुरू न होने पर बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित कानूनगो और ग्राम लेखपालों को नवंबर के अंत तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में काम पूरा न होने पर लापरवाह कर्मचारियों का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है।
बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि कृषि निदेशक और चकबंदी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में चकबंदी प्रक्रियाधीन गांवों में निर्धारित प्रारूप पर एक्सेल शीट के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री का डाटा फीड कराया जाना है। इसके लिए पूर्व में भी निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जानकारी मिली है कि कई गांवों में कानूनगो और लेखपालों ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने दोबारा निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि तहसील चकरनगर के नवादा खुर्द कलां में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। इन सभी गांवों में नवंबर समाप्त होने तक फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा करना अनिवार्य है। अन्यथा संबंधित लापरवाह कर्मचारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाएगा। इस संबंध में चकबंदी अधिकारी संकटा प्रसाद और सहायक चकबंदी अधिकारी अखिलेश कुमार को भी आदेश जारी किए जा चुके हैं।

