इटावा। दीपावली पर पटाखा बाजारों में आग लगने की घटनाओं को रोकने और आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल विभाग ने जिले में 11 स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की है। सबसे अधिक 80 दुकानें नुमाइश मैदान में लगाई गई हैं। यहां आग से बचाव के लिए दो बड़ी दमकल गाड़ियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा दो बड़ी गाड़ियों को रिजर्व में रखा गया है। विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम नंबर भी जारी किया है।
अग्निशमन विभाग की ओर से नुमाइश मैदान के अलावा पछायगांव, बसरेहर, जसवंतनगर, सैफई, भरथना, बकेवर, अहेरीपुर, चकरनगर और हनुमंतपुरा चौराहा समेत 11 स्थानों पर व्यवस्था की गई है। पछायगांव में छह दुकानों के लिए एक बुलेट बाइक लगाई गई हैं। बसरेहर में 13 दुकानों पर एक बड़ी गाड़ी तैनात रहेगी। जसवंतनगर में 13, सैफई में 18, भरथना में 12 और बकेवर में 10 दुकानों के लिए एक-एक बड़ी दमकल गाड़ी रखी गई है।
अहेरीपुर और चकरनगर में भी एक-एक बड़ी गाड़ी तैनात रहेगी। हनुमंतपुरा चौराहे पर छह दुकानों के लिए बुलेट लगाई गई हैं। अग्निशमन अधिकारी आशीष मोहर ने बताया कि दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। आग लगने की सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9454418420 जारी किया गया है।

