{“_id”:”6aee444c584e90b0830fba03″,”slug”:”in-the-rush-to-reach-home-there-is-no-concern-even-for-ones-own-life-agra-news-c-25-agr1067-1207097-2026-11-07″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Agra News: घर पहुंचने की जल्दी में जान की भी चिंता नहीं”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

ट्रेन मे यात्रियों की भीड़।
– फोटो : संवाद
आगरा। दिवाली पर घर पहुंचने की जल्दबाजी में यात्री जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। धनतेरस पर शुक्रवार को बसों और ट्रेनों में जगह पाने के लिए मारामारी रही। रामबाग चौराहे पर बसों में चढ़ने के लिए धक्कामुक्की हुई तो वाटरवर्क्स फ्लाईओवर पर यात्री डग्गामार वाहनों में खड़े होकर और पायदान पर लटककर जाते दिखे।
आगरा फोर्ट स्टेशन पर शाम 6:45 बजे मरुधर एक्सप्रेस पहुंची तो सीट पाने की होड़ में यात्री पहले घुसने की उम्मीद में दरवाजे पर जमा हो गए, जिससे चढ़ने में आपाधापी मची रही। कई यात्री ट्रेन के पायदान पर बैठकर और दरवाजों से लटक कर सफर करते नजर आए। रामबाग चौराहे पर बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों की भीड़ नजर आई, जैसे ही कोई बस पहुंचती, यात्री उस पर सवार होने के लिए टूट पड़ते। बसों में जगह नहीं होने के बावजूद दरवाजे पर धक्कामुक्की होती रही।
अलीगढ़ और हाथरस रूट की बसें सैटेलाइट बस अड्डे से संचालित की जा रही हैं। बस अड्डे के आगे डिवाइडर पर बना कट हादसे के बाद बंद कर दिया गया है। ऐसे में बसों को रामबाग चौराहे से घूमकर जाना पड़ रहा है। यात्रियों की भीड़ के कारण चालक चौराहे से ही बसें भरकर ले जा रहे हैं। इससे बस अड्डे पर इंतजार करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। वाटरवर्क्स फ्लाईओवर पर भी डग्गामार वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां सफर करती दिखीं।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि स्पेशल ट्रेनों की संख्या और फेरे बढ़ाए गए हैं। भीड़ को रोकने के लिए होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं। वहीं रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बताया कि सभी डिपो पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। 572 बसों का संचालन किया जा रहा है।

