इटावा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और पदाभिहित अधिकारी मौजूद रहेंगे। मतदाता सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकेंगे और जरूरी संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की ओर से अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे प्रारूप-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए फोटो, जन्मतिथि और निवास प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ ले जानी होंगी।
मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता आदि में संशोधन, स्थानांतरण और दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन के लिए प्रारूप-8 भरकर बीएलओ को दिया जा सकता है। डीएम ने मतदाताओं से विशेष अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची का अवलोकन करने की अपील की है।

