ताखा। क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय रतहरी सरावा में मध्याह्न भोजन योजना के राशन में कीड़े मिलने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांच आख्या के आधार पर बीएसए डॉ. राजेश कुमार ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक अबरार अंसारी को निलंबित कर दिया है। वहीं, कंपोजिट विद्यालय मोहरी में खसरा का टीका लगवाने को लेकर छात्र के साथ मारपीट के मामले में आरोपी चपरासी को भी निलंबित कर दिया गया है।

बीते सप्ताह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय रतहरी सरावा में मध्याह्न भोजन के लिए रखे गए आटे और चावल में कीड़े दिखाई देने का दावा किया गया था। संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो वायरल होने के बाद आक्रोशित अभिभावकों ने आरोप लगाया था कि विद्यालय प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही से बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम ताखा विजय प्रकाश मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर प्रधानाध्यापक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम ने मामले की जांच बीईओ अनुपम शुक्ला को सौंपी। बीईओ ने जांच कर विस्तृत आख्या बीएसए को भेजी, जिसके आधार पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया।

वहीं, कंपोजिट विद्यालय मोहरी में कक्षा चार के छात्र अंशुल के साथ मारपीट के मामले में बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने आरोपी चपरासी अशोक कुमार को निलंबित कर बीआरसी चकरनगर से संबद्ध किया गया है। बीते सप्ताह विद्यालय में खसरा टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान छात्र अंशुल ने वैक्सीन लगवाने से पहले पिता से अनुमति लेने की बात कही थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर चपरासी ने छात्र के साथ मारपीट की। छात्र ने बाल खींचने, सिर दीवार से टकराने और डंडे से पीटने के आरोप भी लगाए थे। घटना के बाद छात्र पक्ष की ओर से पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई थी। बीईओ अनुपम शुक्ला ने बताया कि जांच में छात्र को डांटने और थप्पड़ मारने की बात सामने आई थी। इसके बाद विस्तृत रिपोर्ट बीएसए को भेजी गई, जिस पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *