Etawah News: इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में हाईवे किनारे सोमवार देर रात मिले अधेड़ व्यक्ति के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान दशरथ (45) पुत्र नंदराम निवासी पट्टी खुर्द, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। बुधवार को मृतक के परिजन इटावा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बड़े भाई पप्पू ने बताया कि दशरथ तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह मजदूरी करके अपने परिवार का जीवनयापन करते थे। परिजनों के मुताबिक, दशरथ सोमवार शाम को घर से एक दावत में शामिल होने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी देर तक उनके घर न पहुंचने पर परिजन चिंतित थे और उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच इटावा में उनका शव मिलने की सूचना मिली।

गौरतलब है कि सोमवार देर रात फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी की सहायता से व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके चलते पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था और पहचान कराने के प्रयास शुरू किए थे। बुधवार को परिजनों के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने पर मृतक की पहचान दशरथ के रूप में हुई।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



Source link