बकेवर। सहकारी समिति बकेवर में शनिवार को पुलिस की देखरेख में किसानों को डीएपी खाद का वितरण किया गया। खाद मिलने की सूचना पर किसान सुबह पांच बजे से ही समिति परिसर में कतार लगाकर खड़े हो गए।
टोकन के आधार पर पहले दिन 600 बोरी खाद वितरित की गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। शाम छह बजे तक किसान खाद के इंतजार में लाइन में लगे रहे। समिति सचिवों की हड़ताल के चलते 21 अक्तूबर के बाद शनिवार को करीब 10 दिन बाद खाद का वितरण शुरू हुआ।
रबी फसलों सरसों, आलू और गेहूं की बोआई के लिए किसान डीएपी खाद लेने पहुंचे थे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुपरवाइजर राजीव गोयल ने शुरुआती 200 किसानों को टोकन वितरित किए। कई किसानों के पास एक ही नंबर के दो टोकन मिलने से भी असमंजस की स्थिति रही। (संवाद)

