इटावा। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सहायता प्राप्त, राजकीय और परिषदीय विद्यालयों में आठवीं कक्षा के पात्र छात्र-छात्राएं 16 सितंबर तक www.entdata.co.in और http://www.entdata.co.in पर निशुल्क आवेदन कर सकते हैं। एक नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में यह परीक्षा होगी।
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौ से 12 तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इस प्रकार चार वर्षों में कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना के नोडल अधिकारी एवं जीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक सक्सेना ने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। फॉर्म भरते समय तहसीलदार या सक्षम अधिकारी की ओर से जारी आय प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
नोडल अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थी ने सत्र 2025-26 में कक्षा सात की परीक्षा कम से कम 55 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की हो। एससी-एसटी वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। अभ्यर्थी सत्र 2026-27 में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र होना चाहिए। अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।