लवेदी। क्षेत्र के एक गांव से लापता हुई युवती को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तलाश लिया। पुलिस के सामने युवती ने परिजनों की मर्जी के बजाय अपनी पसंद के युवक से शादी करने और उसी के साथ रहने की इच्छा जताई। युवती के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसे उसकी इच्छा के अनुसार प्रेमी साहिल के साथ जाने दिया।
एक गांव निवासी युवती गुरुग्राम में नौकरी करती थी। युवती ने पुलिस को बताया कि उसके पिता उसकी शादी उसकी इच्छा के खिलाफ 51 वर्षीय व्यक्ति से कराना चाहते थे। इसी दौरान गुरुग्राम में नौकरी के समय उसकी मुलाकात गांव के ही एक युवक से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने आपसी सहमति से गुरुग्राम के एक मंदिर में शादी कर ली। इस बीच 29 अक्तूबर को युवती के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम युवती की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। युवती ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और वह प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। इसके बाद पुलिस ने उसे उसकी इच्छा के अनुसार युवक के साथ भेज दिया।(संवाद)