जाफरगंज/खखरेरू। जिले में शुक्रवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में ईंट भट्ठा संचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के रणमस्तपुर गांव निवासी अंजीत (20) शुक्रवार दोपहर चचेरे भाई कुलदीप (22) के साथ बाइक से गढ़ी स्थित पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहा था। गढ़ी तिराहे से करीब 500 मीटर पहले एक ई-रिक्शा सवारी उतार रहा था। बाइक सवार उसे ओवरटेक कर पंप की ओर बढ़े, तभी अमौली की ओर से आ रही कार बाइक और ई-रिक्शा से टकरा गई।
बाइक पर पीछे बैठा अंजीत उछलकर सड़क पर गिरा और कार के नीचे आ गया। उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन लेकर भाग निकला। कार चालक भी कार छोड़कर भाग गया। घायल कुलदीप को सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि कार और ई-रिक्शा के चालक की तलाश की जा रही है।
वहीं खखरेरू थाना क्षेत्र के गुरगौला निवासी अतर सिंह (62) ईंट भट्ठा संचालक थे। शुक्रवार शाम वह भट्ठे से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान किशनपुर कस्बा निवासी राजेंद्र (17), पप्पू (18) पुत्र जयचंद्र और सचिन (17) बाइक से खखरेरू थाना क्षेत्र के गेरिया चौराहे की ओर जा रहे थे। थाने के दरियामऊ गांव के पास बाइक की टक्कर से अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी से डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान शाम करीब 6:30 बजे उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक भी घायल हो गए। थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
दिवाली पर खरीदी थी बाइक, हादसे में युवक की मौत
चचेरे भाई कुलदीप और अंजीत ने दिवाली के दिन बाइक खरीदी थी। दोनों गुजरात प्रांत में नौकरी करते थे। दिवाली पर घर आए दोनों भाइयों को दो दिन बाद गुजरात लौटना था। अंजीत के परिवार में छोटा भाई संदीप और बहन सवित्री हैं।
हादसों में महिला समेत दो लोग घायल
फतेहपुर। शुक्रवार को अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो लोग घायल हो गए। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के पारादान निवासी राजेंद्र पाल की पत्नी सुलेखा देवी (30) रिश्तेदारी में गाजीपुर थाना क्षेत्र के करसवां गांव गई थीं। यहां से लौटते समय करसवां गांव के पास ई-रिक्शा पलटने से वह घायल हो गईं। थरियांव थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी दुर्गेश दोपहर बाइक से शहर आ रहे थे। बीरपुर के पास बाइक फिसलने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

फोटो – 22- फतेहपुर:-जाफरगंज गढ़ी तिराहे पर हुए हादसे के बाद खड़ी कार, लगी भीड़। संवाद

फोटो – 22- फतेहपुर:-जाफरगंज गढ़ी तिराहे पर हुए हादसे के बाद खड़ी कार, लगी भीड़। संवाद

फोटो – 22- फतेहपुर:-जाफरगंज गढ़ी तिराहे पर हुए हादसे के बाद खड़ी कार, लगी भीड़। संवाद

