नगर में कबाड़ खरीद कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक व्यक्ति की शनिवार को कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक समेत भाग रहे ग्राम प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा बीबीजयी निवासी अब्बास (55) पूरे नगर में फेरी लगाकर कबाड़ खरीदने का काम करते थे। वह मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। पुत्र तालिब ने बताया कि शनिवार दोपहर वह अपनी साइकिल से पाली रोड स्थित अपनी जमीन को देखने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह खेड़ा तिराहे के पास पहुंचे सामने से आ रही सिकंदरपुर नरकतरा ग्राम प्रधान की कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल अब्बास की कुछ ही पलों में मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक व प्रधान गाड़ी समेत मौके से भाग निकले लेकिन कोतवाली पुलिस ने कुछ दूरी पर चालक व प्रधान को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा चार पुत्रियां व दो पुत्र हैं। कोतवाल अरविंद कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।