सासनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हासिमपुर में बुधवार रात एक दुस्साहसिक वारदात हुई। पुरानी रंजिश और मामूली कहासुनी के विवाद में लाठी-डंडे लेकर आए नामजद आरोपियों ने घर में घुसकर खाना खा रहे दंपती पर हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर बीचबचाव करने पहुंचे बड़े भाई के सीने में लाठी मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़ित भाई नीरज शर्मा के अनुसार बुधवार रात करीब आठ बजे उनके भाई संजीव और भाभी अर्चना देवी परिवार के साथ घर में खाना खा रहे थे। उसी दौरान गांव के विमल, शिवशंकर उर्फ डेविड, शिवम, अमित कुमार, आशु और पंकज हाथों में लाठी-डंडे लिए घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने संजीव और अर्चना देवी पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर पास ही रहने वाले भाई दिनेश शर्मा (50) वहां पहुंचे। दिनेश शर्मा अलीगढ़ के एक स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड थे।
भाई-भाभी को बचाने के लिए घर के अंदर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर सीधा हमला कर दिया। आरोपी विमल ने दिनेश के सीने पर लाठी से तेज प्रहार किया जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। परिजन गंभीर रूप से घायल दिनेश को अलीगढ़ ले गए जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद से ही गांव में भारी तनाव व्याप्त है। सासनी पुलिस ने नीरज की शिकायत पर आरोपी विमल, शिवशंकर उर्फ डेविड, शिवम, अमित, आशु और पंकज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बुग्गी टकराने से शुरू हुआ था विवाद
परिजन के अनुसार बुधवार देर शाम गांव में कलुआ उर्फ कुमरपाल की बुग्गी पप्पू शर्मा के चबूतरे की दीवार से टकरा गई थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते आरोपी रात में लामबंद होकर संजीव के घर में घुस आए और वारदात को अंजाम दिया।
मृत्यु का कारण हार्ट अटैक
दिनेश की हत्या में दी शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। शरीर पर ऐसी कोई चोट नहीं मिली, जिससे मौत हो सकती थी। घटना के दौरान दिनेश शर्मा अचेत हो गए थे, जिसके बाद अलीगढ़ में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की वजह हार्ट अटैक आई है, इसलिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। इस आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
