उरई। कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 14 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत 15 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें अधिकतर स्प्लेंडर बाइकें हैं। पूछताछ में शातिरों ने बताया कि वह मास्टर चाबी से बाइक का लॉक तोड़कर चोरी करते थे और उन्हें 20 से 25 हजार रुपये में बेच देते थे।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन में बताया कि चेकिंग के दौरान कोतवाली पुलिस ने झांसी जिले के समथर थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा निवासी आनंद और झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र के राजापुरा निवासी मोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 14 बाइकें और एक स्कूटी बरामद की। इनमें 13 वाहन जालौन समेत विभिन्न जिलों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित बताए गए हैं।एसपी विनय कुमार सिंह ने गिरोह का पर्दाफाश कर 15 दोपहिया वाहन बरामद करने वाली कोतवाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
मास्टर चाबी से खोलते थे लॉक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह जालौन, झांसी के आसपास के जिलों के अलावा दतिया, शिवपुरी, ललितपुर और हमीरपुर में बाइक चोरी के लिए रेकी करते थे। मौका मिलते ही मास्टर चाबी से बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी की गाड़ियों को उरई के फैक्टरी एरिया में छिपाकर रखा जाता था।
20 से 25 हजार में तय करते थे सौदा
आरोपी चोरी की बाइक का सौदा 20 से 25 हजार रुपये में तय करते थे। ग्राहक से करीब 10 से 15 हजार रुपये एडवांस लेने के बाद बाइक दे देते थे। बाकी रकम बाइक के कागज देने के समय लेने की बात तय होती थी।
