उरई। जिला पुरुष चिकित्सालय परिसर में संचालित लांड्री में जिला महिला चिकित्सालय के कपड़े भी धोए जाने के मामले में अस्पताल के सीएमएस डॉ. जेजे राम ने लांड्री संचालक फर्म कनक दुर्गा प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमएस ने इसे नियम विरुद्ध बताते हुए संतोषजनक जवाब न मिलने पर फर्म के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई और अनुबंध समाप्त करने की संस्तुति की चेतावनी दी है।
नोटिस में कहा गया है कि विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि जिला पुरुष चिकित्सालय परिसर में स्थापित लांड्री वर्क स्टेशन पर पुरुष अस्पताल के कपड़ों की धुलाई के साथ-साथ जिला महिला चिकित्सालय के कपड़े भी धोए जा रहे हैं। आरोप है कि दोनों अस्पतालों की धुलाई का काम एक ही स्थान पर कराया जा रहा है, जबकि महिला चिकित्सालय में लांड्री का अलग बिल भुगतान के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
सीएमएस ने फर्म से पूछा है कि किन परिस्थितियों में दोनों चिकित्सालयों से संबंधित लांड्री का काम एक ही स्थान पर कराया जा रहा है और महिला चिकित्सालय के लिए अतिरिक्त बिल किस आधार पर प्रस्तुत किया जाएगा। नोटिस में तत्काल स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि स्पष्टीकरण नहीं मिलने या जवाब संतोषजनक नहीं होने पर फर्म के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अनुबंध समाप्त करने के लिए उच्चाधिकारियों को संस्तुति भेजी जाएगी।
