झांसी। नगर निगम के कार्यकारिणी चुनाव में बृहस्पतिवार को बगावत और क्रॉस वोटिंग भाजपा को भारी पड़ गई। पार्टी की बागी नीता यादव ने नामांकन कर दिया। मान-मनौव्वल के बावजूद उन्होंने पर्चा वापस नहीं लिया। विपक्ष के समर्थन और बीजेपी के ही नाराज पार्षदों के क्रॉस वोटिंग करने से वह चुनाव जीतने में सफल रहीं। संगठन की पसंद भाजपा प्रत्याशी रितिका तिवारी चुनाव हार गईं। इससे संगठन की खूब किरकिरी हुई।
कार्यकारिणी चुनाव से ठीक पहले निजी होटल में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में राखी परिहार, रामजी यादव, राजकुमारी, रितिका तिवारी और सुनील नैनवानी के नाम पर मुहर लगी। इन सभी पार्षदों से नामांकन करने के लिए कहा गया। पूर्वाह्न 11:45 बजे संगठन की ओर से घोषित पांचों प्रत्याशी सदन कक्ष में पहुंचे और नामांकन कर दिया। दूसरी तरफ, पार्टी की ओर से प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से पार्षद नीता यादव और अरविंद खटीक नाराज हो गए। दोनों ने नामांकन पत्र ले लिया। अरविंद खटीक के प्रस्तावक कांग्रेस पार्षद सुलेमान मंसूरी बनें, जबकि नीता यादव की प्रस्तावक भाजपा पार्षद ममता पाल बनीं। नीता ने पूर्वाह्न 11:57 बजे पर्चा जमा कर दिया।
बगावत देख नीता के समर्थन में आया विपक्ष
भाजपा में बगावत देखकर विपक्ष ने तुरंत नीता यादव के समर्थन का एलान कर दिया। विपक्ष के 15 में से 14 पार्षद मौजूद होने पर चार वोट नीता यादव के लिए तय कर दिए। अरविंद खटीक ने भी नीता के पक्ष में मतदान करने की बात कह दी। वहीं, वोटिंग के दौरान प्रत्याशी न बनाए जाने से अंदरखाने में नाराज चल रहे कुछ और पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग कर दी। इससे नीता तो चुनाव जीत गईं, लेकिन रितिका तिवारी को हार का सामना करना पड़ा।
बसपा के महेश को मिले सबसे ज्यादा वोट
मौजूदा बोर्ड में तीसरी बार चुनाव लड़े बसपा के महेश गौतम सबसे ज्यादा वोट पाकर विजयी हुए। उनके अलावा भाजपा के रामजी यादव, सुनील नैनवानी, राखी परिहार, राजकुमारी वर्मा ने भी जीत दर्ज की। पार्टी प्रत्याशी को मिली हार के चलते भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी विजेताओं को प्रमाणपत्र वितरण के दौरान भी उपस्थित नहीं हुए। इस दौरान मेयर बिहारी लाल आर्य, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, डॉ. राघवेंद्र सिंह, पार्षद आशीष तिवारी, दिनेश प्रताप सिंह, अमित राय, कामेश अहिरवार, हरिओम मिश्रा, राहुल कुशवाहा, उमेश जोशी, सिद्धार्थ अहिरवार आदि मौजूद रहे।
देरी पर अरविंद का पर्चा जमा नहीं हुआ, संजीव ने नाम वापस लिया
अरविंद खटीक दोपहर 12:01 बजे पर्चा जमा करने पहुंचे। इस पर चुनाव अधिकारी अखिल कुमार पांडेय ने नामांकन की समय-सीमा दोपहर 12 बजे होने का हवाला देते हुए उनका पर्चा जमा करने से इन्कार कर दिया। इस दौरान दोनों के बीच बहस भी हुई। वहीं, निर्दलीय पार्षद संजीव गुप्ता ने सुबह 11:37 बजे नामांकन पत्र लिया था। बाद में उन्होंने नामांकन वापस ले लिया।
पार्षद दल के नेता ने की प्रस्तावक को लेकर आपत्ति
नीता की प्रस्तावक ममता पाल के हस्ताक्षर को लेकर भाजपा पार्षद दल के नेता नरेंद्र नामदेव ने चुनाव अधिकारी से आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि प्रस्तावक मौजूद नहीं हैं। किसी और ने उनके हस्ताक्षर किए हैं। इस पर चुनाव अधिकारी ने प्रस्तावक को बुलाया और उनसे पहचान पत्र मांगा। फिर पत्र में दोबारा हस्ताक्षर कराकर मिलान किया। हालांकि, तब तक नरेंद्र नामदेव ने आपत्ति पत्र वापस भी ले लिया।
किसको-कितने वोट मिले
………………………….
प्रत्याशी का नाम प्राप्त मत
महेश गौतम 11
नीता यादव 10
राखी परिहार 9
रामजी यादव 9
सुनील नैनवानी 9
राजकुमारी वर्मा 9
रितिका तिवारी 6
वर्जन
पार्टी के खिलाफ जाकर मतदान करने वाले पार्षदों को चिह्नित किया जा रहा है। इनकी रिपोर्ट संगठन को भेजी जाएगी।
-बिहारी लाल आर्य, महापौर
