कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम चतेला में प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
चतेला गांव निवासी कालका का भाई बाबूराम और उसके पुत्रों से प्लॉट कब्जे को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान बाबूराम, दीपक, उदयभान और प्रदीप ने लाठी-डंडों से कालका पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान दीपक ने कुल्हाड़ी से कालका के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। मामले में पुलिस ने कालका की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की थी।
शुक्रवार शाम मुखबिर की सूचना पर कदौरा पुलिस ने कानाखेड़ा मोड़ के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी दीपक के पास से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है।
थानाध्यक्ष परमेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि नामजद बाबूराम, दीपक, उदयभान और प्रदीप निवासी चतेला को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।
