मोंठ पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। वहीं अपराध से संबंधित आरोपी के बैंक खाते में मौजूद 3.28 लाख रुपये की धनराशि भी फ्रीज कराई गई है।

सीओ मोंठ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि नौ अगस्त को स्टेशन रोड स्थित गल्ला मंडी के सामने इंदिरा चौराहा निवासी रामकिशोर पाठक को दो अज्ञात व्यक्तियों ने झांसे में लेकर सोने की एक चेन और तीन अंगूठियां पार कर दी थीं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धारा 126(2), 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले के खुलासे के लिए थाना मोंठ पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। शनिवार रात करीब 8:35 बजे संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर भाण्डेर रोड रेलवे ब्रिज के नीचे से तौहीद अली पुत्र राजू अली निवासी वार्ड नंबर 15, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।

रेकी करने के बाद करता था वारदात

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से घूमकर बुजुर्ग महिला और पुरुषों की रेकी करता था। इसके बाद खुद को पुलिस, जीएसटी, सीबीआई, सीआईडी अथवा ईडी का अधिकारी बताकर लोगों को रोकता था। किसी गंभीर घटना का हवाला देकर चेकिंग और तलाशी के नाम पर जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर देता था। वारदात के बाद गिरोह के सदस्य यूपी से मध्य प्रदेश होते हुए महाराष्ट्र की ओर फरार हो जाते थे।

3.28 लाख रुपये कराए गए फ्रीज

आरोपी के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन, करीब 15 हजार रुपये कीमत की सोने की अंगूठी, मोटोरोला व वीवो कंपनी के दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद हुई है। इसके अलावा आरोपी के बैंक खाते में मौजूद 3.28 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, स्वाट प्रभारी विनय दिवाकर, सर्विलांस प्रभारी मोहित कुमार सहित मोंठ थाना, स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें