झांसी। सदर तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक महिला ने डीएम से आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई। कहा कि तीन-चार साल से सर्वे हो रहा है। फिर भी पक्का आवास नहीं बन सका है। इस पर डीएम ने तत्काल अफसरों को जांच कराने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ागांव के परवई गांव की अजब देवी पत्नी मुकेश कुमार ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। रहने के लिए पक्का मकान नहीं है। बारिश में मिट्टी के कच्चे घर और उस पर तिरपाल की छत के सहारे दिन गुजारने को मजबूर हैं। तीन-चार साल से ग्राम पंचायत स्तर पर कई बार दस्तावेज जमा किए हैं लेकिन हर बार सर्वे होकर फोटो खींची जाती है। फिर कुछ पता नहीं चलता है कि आवास का क्या हुआ। ग्राम पंचायत अधिकारी और प्रधान से पूछने पर सूची में नाम होने की बात कहते हैं लेकिन अब तक आवास नहीं आया है। पुन: सर्वे करवाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर बनवाने की मांग की। इस पर डीएम ने बीडीओ और एडीओ को मौके पर जाकर जांच करें।
इससे पहले संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम गौरांग राठी ने कहा कि सभी अधिकारी आईजीआरएस एप डाउनलोड करें। सबसे पहले कार्यालय आकर आईजीआरएस पोर्टल देखें। प्राप्त आख्या का निरीक्षण करें। यदि आख्या गुणवत्ताविहीन है तो स्वयं आख्या प्रस्तुत करें। निजी भूमि, सरकारी भूमि, चकरोड पर अवैध कब्जों को हटवाएं। लेखपालों को निर्देश दिए कि गलत ढंग से भूमि पर कब्जा करने वाले अथवा बार-बार पैमाइश की बात पर पत्थरगड्डी उखाड़कर पुन: कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ प्रिया सिंह, तहसीलदार विवेक कुमार, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, अजीत यादव, अवनीश कुमार आदि मौजूद रहे।
सभागार का लोकार्पण और लेखपालों को हुआ सम्मान
तहसील सदर में सभागार का डीएम ने फीता काटकर लोकार्पण किया। वहीं, बीडा में उत्कृष्ट कार्य करने पर मोनिका रावत, जवाहर सिंह, रविंद्र उपाध्याय, आकांक्षा सिंह, सपना यादव, कल्याण सिंह, रोहित राय, तपस्या गौतम, कुणाल साहू, धर्मेंद्र सिंह समेत 12 लेखपालों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया।
