झांसी। बंगाल की खाड़ी में बने हवाओं के निम्न दाब के क्षेत्र के चलते सक्रिय हुए मानसून ने शनिवार को सुबह महानगर में हल्की बारिश कराई। अब नौ और 10 अगस्त को झांसी में झमाझम बारिश हो सकती है। ऐसे में तापमान में भी गिरावट होने के आसार हैं।


शनिवार को सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए हुए थे। पौने ग्यारह बजे के आसपास ग्वालियर रोड, मिशन कंपाउंड, पठौरिया, बीकेडी, महेंद्रपुरी कॉलोनी, अयोध्यापुरी कॉलोनी, गणेश चौराहा, वीरांगना नगर, मेडिकल कॉलेज के आसपास समेत कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई, जो कि करीब साढ़े ग्यारह बजे तक कभी तेज तो कभी धीमी गति से होती रही। बारिश थमने के बाद ठंडी हवा चलती रही। हालांकि, दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की धूप भी निकल आई। ऐसे में शुक्रवार की तुलना में अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो कि सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम पारा 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को 2.3 मिलीमीटर बारिश हुई। अब रविवार और सोमवार को झांसी में तेज बारिश के आसार हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *