झांसी। बरुआसागर के बेतवा नदी पर बने पुल पर सामने से आ रही कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती एवं उसके बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल अस्पताल ले जाने पर पति की मौत हो गई जबकि पत्नी एवं बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। युवक पत्नी का उपचार कराकर घर लौट रहा था। कांवरियों के लिए एक लेन बंद होने की वजह से सिर्फ एक लेन में ही वाहन चल रहे थे।
छतरपुर (मध्य प्रदेश) के दोनी गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा (25) परिवार का इकलौता बेटा था। नरेंद्र बरुआसागर में किराये के मकान में पत्नी संतोषी समेत दो बेटे आर्यांश और बाबू के साथ रहता था। नरेंद्र प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। परिजनों का कहना है कि मंगलवार को संतोषी की तबीयत खराब होने पर वह उसे दिखाने के लिए बरुआसागर गया था। साथ में उसका बेटा आर्यांश भी था। डॉक्टर को दिखाने के बाद तीनों बाइक से लौट रहे थे। कांवड़ यात्रियों के लिए हाइवे की एक लेन बंद है। दूसरी लाइन से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बेतवा नदी पुल के पास पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर तीनों ही सड़क पर जा गिरे। हादसे में नरेंद्र के सिर में गहरी चोट आ गई जबकि संतोषी एवं आर्यांश के भी हाथ, पांव में गहरी चोट आ गई। मेडिकल अस्पताल लाने पर नरेंद्र की मौत हो गई। बरुआसागर थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह के मुताबिक वाहन चालक का पता लगाने के लिए कैमरों को खंगाला जा रहा है।
