-शुरुआती दौर में शीर्ष तीन में शामिल थीं, चीनी खिलाड़ी ने 4 सेंटीमीटर ज्यादा छलांग लगाकर छीना पदक

संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। एशियाई खेलों की लंबी कूद स्पर्धा में झांसी की बेटी शैली सिंह मामूली अंतर से पदक से चूक गईं। झांसी के साथ ही शैली से पूरे देश को काफी उम्मीद थी। इस पर वह खरी उतरती दिख रही थीं। वह छह में से शुरुआती पांच प्रयासों में शीर्ष तीन एथलीटों में शामिल थीं। लेकिन, छठे और अंतिम प्रयास में चीनी खिलाड़ी मेंगी तान ने शैली से चार सेंटीमीटर ज्यादा लंबी छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

22 वर्षीय शैली ने फाइनल के पांचवें प्रयास में 6.42 मीटर लंबी छलांग लगाई, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने इसके बाद 6.46 मीटर छलांग लगाकर भारतीय उम्मीदों को तोड़ दिया। इससे शैली चौथे स्थान पर खिसक गईं।

चोट से उबरकर की थी कड़ी तैयारी

लंबी कूद में देश की बड़ी उम्मीद बनकर उभरीं शैली सिंह को चोटों ने काफी परेशान किया है। चोट से उबरने के बाद उन्होंने एशियाई खेलों के लिए 6.67 मीटर लंबी छलांग लगाकर भारतीय टीम में जगह बनाई। एशियन चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता शैली ने एशियाई खेलों का अपना पहला पदक जीतने के लिए अपनी कोच और मेंटोर पूर्व महान एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज के मार्गदर्शन में कड़ा अभ्यास किया। शैली ने 2023 में 6.76 मीटर लंबी छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। यदि वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को दोहरा देतीं, तो स्वर्ण पदक उनके नाम होता। क्योंकि, चीन की हुआंग यिंगयिंग ने 6.55 मीटर के साथ स्वर्ण और शैली की हमवतन एंसी सोजन ने 6.53 मीटर के साथ रजत पदक जीता।

…और छा गया सन्नाटा

रविवार को अपराह्न करीब 3:30 बजे जब एशियाई खेलों में महिला वर्ग की लंबी कूद का फाइनल शुरू हुआ, तो झांसी में शैली सिंह के परिजनों के साथ ही कई खेल प्रेमी टीवी और मोबाइल पर लाइव प्रसारण देख रहे थे। प्रशंसक उनकी हर छलांग पर उत्साहित हो रहे थे। पांच प्रयास तक शैली शीर्ष तीन में शामिल थीं। उम्मीद थी कि कम से कम पदक तो आ ही जाएगा। छठे प्रयास में चीनी खिलाड़ी ने उनसे ज्यादा छलांग लगाई, तो सभी हतोत्साहित हो गए और एकदम सन्नाटा छा गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *