झांसी। मेडिकल कॉलेज में 100 बेड के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण 14 माह से ठप पड़ा हुआ है। इसकी वजह शासन से 12 करोड़ रुपये की किश्त नहीं मिलना है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि एक माह में बजट जारी हो सकता है।
मेडिकल कॉलेज में 30.45 करोड़ रुपये की लागत से 11 जनवरी 2024 को 100 बेड के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण शुरू हुआ। इसका निर्माण कार्य 10 मई 2025 को पूर्ण किया जाना था, जो अभी तक अधर में लटका है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि बजट के अभाव की वजह से जून 2025 में निर्माण कार्य बंद हो गया। कार्यदायी संस्था यूपी राजकीय निर्माण निगम ने उच्चाधिकारियों और कॉलेज प्रशासन को अवगत करा दिया। तब से 12 करोड़ रुपये का बजट जारी करने को लेकर कई बार पत्राचार किया जा चुका है मगर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। ऐसे में फिलहाल इसके चालू होने की उम्मीद नहीं है। कार्यदायी संस्था उप्र. राजकीय निर्माण निगम के एई हेमंत प्रकाश का कहना है कि बजट नहीं होने की वजह से काम बंद है। उच्चाधिकारियों से हुई वार्ता के अनुसार एक पखवाड़ा में 12 करोड़ रुपये की राशि जारी होने की उम्मीद है, जिससे काम शुरू होगा। वहीं, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि 100 बेड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण एनएचएम (नेशनल हेल्थ मिशन) के तहत किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द बजट मिलेगा।
0- सितंबर में चालू होंगे एसटीपी व ईटीपी
झांसी। मेडिकल कॉलेज में 500 बेड हॉस्पिटल और 100 बेड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के लिए 500 केएलडी के एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) और 100 केएलडी के ईटीपी (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। कार्यदायी संस्था का दावा है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह तक दोनों को चालू कर दिया जाएगा। ब्यूरो
