ठठिया। चार लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन हड़पने और उस पर प्लाटिंग कर बेचने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के कुरियाना गांव निवासी 77 वर्षीय शंकर कोरी ने बताया कि मौजा पैथाना अलीपुर अहाना में उनकी पैतृक जमीन है, जिस पर उनका कब्जा है। आरोप है कि शिवली थाना के उदैतपुर निवासी गोविंद, गयादीनपुरवा निवासी शेखर, कुरियाना निवासी विजयपाल व दौलतपुर निवासी शिवकुमार ने जमीन हड़पने की नीयत से उनके आधार कार्ड पर फर्जी पता दर्ज कराकर कानपुर देहात के विकासखंड रसूलाबाद के नाम से परिवार रजिस्टर की फर्जी नकल तैयार कर ली।
आरोप है कि विकासखंड रसूलाबाद के अधिकारियों ने लिखित रूप से स्पष्ट किया है कि उनके कार्यालय से ऐसी कोई परिवार रजिस्टर की नकल जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद इसी दस्तावेज के आधार पर मौजा के लेखपाल और तहसीलदार तिर्वा द्वारा कथित तौर पर विरासत दर्ज कर दी गई।
अब उनकी जमीन पर प्लाटिंग कर उसे बेचने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि मामले में राज्यमंत्री असीम अरुण से कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मामले के गवाह के रूप में इंद्रजीत पाल और राकेश सहित अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
