बिठूर थाना क्षेत्र में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के आवासीय परिसर में स्थित चार सुनसान घरों के ताले तोड़कर शुक्रवार देर रात चोरों ने नकदी और गहने समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह वहां रह रहे लोगों ने घरों के दरवाजे खुले देखे तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर आसपास के सीसी कैमरे खंगाले।
आवासीय परिसर में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के मंतेश यादव, जूही राव, टेक्सटाइल में कार्यरत राहुल वर्मा, नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट के विमल कुमार समेत कई लोग रहते हैं। ज्यादातर लोग बाहरी जिलों के रहने वाले हैं। शुक्रवार रात चारों लोग परिवार समेत बाहर गए हुए थे। इस बीच चोरों ने जूही राव के घर का ताला तोड़कर करीब 40-50 हजार रुपये नकद और गहने, मंतेश के घर से करीब 50 हजार से ज्यादा का माल, राहुल के घर से पांच लाख की नकदी समेत लाखों के गहने पार कर दिए। वहीं, विमल के घर से भी गृहस्थी का सामान उठा ले गए।
आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों ने बताया कि एक रात चार चोरियों से लोगों में दहशत है। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद तोड़े गए ताले आवासीय परिसर की बाउंड्रीवाल के पीछे फेंक दिए। चोरों ने चार घरों से करीब आठ से दस लाख रुपये का माल पार किया है। बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद दो टीमें लगाकर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने शुरू किए।
